खेतों में आग लगने से गेहूं के 300
बंडल और 2 क्विंटल तूड़ी जली
नालागढ़ के खेड़ा में गेहूं के फसल में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मचारी
एक बीघा में खड़ी फसल को नुकसान, किसानों को हजारों रुपये का नुकसान
दोनों जगहों पर शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग लगने का कारण
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। क्षेत्र में सूर्यदेव की तपिश और पारा बढ़ने से आग की घटनाओं के मामले सामने आने लगे हैं। नालागढ़ में दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने से गेहूं की खड़ी और कटी हुई फसल जल गई है। दोनों जगह आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है और दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी से आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन दो किसानों की फसल आग में जलकर राख हो गई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान वहन करना पड़ता है। आग की पहली घटना खेड़ा में घटित हुई है, जहां पर 300 कटे हुए गेहूं के बंडल और 2 क्विंटल तूड़ी जलकर राख हो गई है, जबकि दूसरी आग की घटना कंसंबोवाल की है, जहां खेतों में खड़ी फसल आग में राख हो गई है। अग्निशमन केंद्र नालागढ़ के मुताबिक उन्हें खेड़ा गांव में आग लगने की सूचना मिली तो तुरंत एक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। यहां सुरजीत सिंह पुत्र राम रतन के खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे 300 बंडल गेंहू सहित साथ ही पड़ी 2 क्विंटल तूड़ी जल गई है। दमकल विभाग के प्रशामक राजिंद्र सिंह और अमरचंद, चालक महेंद्र सिंह की टीम वाटर बाउजर लेकर मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक किसान को करीब 40 हजार का नुकसान हो चुका था। दमकल कर्मियों ने यहां 800 गेहूं के कटे हुए बंडल सहित करीब 1 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया है। उधर, बागवानियां के समीप कंसंबोवाल गुज्जरां में ईल्मदीन पुत्र नूरदीन के एक बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। दमकल विभाग के मुख्य प्रशामक जोगिंद्र सिंह, प्रशामक प्रवीण कुमार, गृहरक्षक जवान लक्ष्मी सिंह, गुरमीत सिंह और चालक गोविंद एक वाटर बाउजर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के कार्य में जुट गए, लेकिन आग से किसान को करीब 11 हजार का नुकसान हुआ है, जबकि फायर बिग्रेड ने मुस्तैदी से आसपास की अन्य करीब 50 हजार की संपत्ति को जलने से बचा लिया है। अग्निशमन केंद्र नालागढ़ के कार्यवाहक प्रभारी एवं मुख्य प्रशामक कर्मचंद ने बताया कि आग की दोनों घटनाएं शॉट सर्किट से हुई हैं, जिसमें 51 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि फायर बिग्रेड ने करीब 1.50 लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया है।