गलोट, शिचड़ा और जदारी में नहीं मिल रहा पेयजल
कंडाघाट में पेयजल संकट, लोगों ने समस्या को हल करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट के कई गांवों में पानी की सप्लाई सुचारु रूप से नहीं पहुंच रही है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे आए दिन लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। कंडाघाट के तहत पंचायत क्वारग के गांव गलोट, दियों, शिचड़ा और सिरिनगर पंचायत के गांव जदारी में पानी की सप्लाई आईपीएच विभाग से सुचारु रूप से नहीं की जा रही है। यही नहीं कई जगहों पर तो पानी तीन दिन के बाद छोड़ा जा रहा है। गलोट गांव में पानी को छोड़ने के लिए लोगों को बार-बार कर्मचारियों से संपर्क साधाना पड़ रहा है। उसके बावजूद भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। पानी के टैंक पर बैठे की मैन भी लोगों की समस्या को नजर अंदाज कर रहे हैं। रमेश ठाकुर, नारायण सिंह ठाकुर, इंद्र सिह, रमेश शर्मा, हिमांशु, कैलाश शर्मा ने कहा कि संपर्क साधने पर आईपीएच विभाग ने लाइट न होने का हवाला दिया। गलोट गांव में पानी की एक घंटे की सप्लाई रखी गई है, लेकिन मात्र 20 से 25 मिनट तक ही पानी को छोड़ा जा रहा है। आज तक विभाग से लोगों को समस्याओं से छुटकारा नही मिल पाया है। लोगों ने जल्द इस परेशानी से निजात दिलवाने की मांग उठाई है।
पेयजल सप्लाई बाधित होने से संकट : वर्मा
कंडाघाट आईपीएच विभाग के जेई ओपी वर्मा वे बताया कि दियों और शिचड़ा गांव में फोरलेन कार्य के चलते पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। इसके लिए विभाग ने प्लास्टिक की पाइप को लगाया है। गलोट में पानी की समस्या संज्ञान में नहीं है। इस समस्या को हल करने के लिए सुपरवाइजर को मौके पर भेजा जाएगा।