नालागढ़ में आज निकलेगी भोले की भव्य बारात
महाशिवरात्रि को लेकर सज गए हैं शिवालय, शोभायात्रा में बैंड होगा मुख्य आकर्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नालागढ़ शहर में शनिवार को भोले की भव्य बारात निकलेगी। इसका मुख्य आकर्षण नंदी पर सवार होकर भोलेनाथ की निकलने वाली भव्य बारात होगी। मनीमाजरा का बैंड मुख्य आकर्षण रहेगा जो शोभायात्रा की शान को चार चांद लगाएगा। शोभायात्रा में भव्य रथ, अघोरी रूप, महारास, ढोल सहित अन्य झांकियां निकाली जाएगी। मां तारादेवी सेवक मंडल के तत्वावधान में शिव भोलने की बारात के लिए पहले सेहरा बंदी होगी, उसके बाद शहर में धूमधाम से बारात निकलेगी। रोजाना सुबह 5:00 बजे एकादश रुद्र महादेव मंदिर से प्रभातफेरी निकाली जा रही है। मंदिरों को सजाने में भक्त जुटे हुए हैं। नालागढ़ क्षेत्र के महादेव मंदिर, भल्लेश्वर मंदिर, बाबा बर्फानी शिव मंदिर, चोये वाला मंदिर, तालाब वाला मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर, गबला कुंआ स्थित शिव मंदिर, अस्पताल में स्थित मंदिर, चुहूवाल सहित नालागढ़ उपमंडल के शिवालय सजने शुरू हो गए हैं। बबला मल्होत्रा ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व में मां तारादेवी युवक सेवा मंडल सहित भक्तजनों का पूर्ण सहयोग रहेगा।
प्रेम ज्योतिष संस्थान नालागढ़ के पंडित प्रेम शर्मा ने कहा कि भगवान शिव त्रिपुरारी है। उन्होंने कहा कि आक, धतुरा, भांग, बेलपत्री, फूल, दुर्वा, दूध, दही, शहद, घी, शकर, सुपारी, लौंग, इलायची, मिक्स मेवे, मौली, मिठाई, वस्त्र के साथ शिव पूजन करें।