सोलन। हरियाणा के बदमाशों की सोलन शहर में धमक के तार कारोबारियों की आपसी रंजिश से जुड़ रहे हैं। अब तक शहर में करीब आधा दर्जन ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें हथियारबंद बदमाशों की शहर में उपस्थिति रही है। पिछले दिनों हुई एक घटना में कारोबारी के घर में घुसकर गोलियां दागने का मामला सामने आ चुका है। जिसमें पुलिस ने हरियाणा के दो नौसिखिए बदमाशों को गिरफ्तार किया था।
कारोबारियों को धमकाने के भी कई मामले सामने आते रहे हैं। हर बार मामला सामने आने के बाद कारोबारी लेनदेन को लेकर एक-दूसरे पर ही बदमाश बुलाने और धमकाने जैसे संगीन आरोप लगाते रहे हैं। इस बार की घटना के बाद भी जिस कारोबारी पर हमला हुआ है, उसने शहर के ही एक दूसरे कारोबारी पर हरियाणा से बदमाश बुलाकर उसे मरवाने का प्रयास करने की बात कही है। पूर्व में हुए मामलों की तरह ही यह मामला भी दो कारोबारियों के बीच पैसों के लेनदेन के विवाद में उलझ गया है।
घटना के बाद से अन्य व्यापारियों में दहशत बनी है। पैसों के विवाद को निपटाने में बदमाशों की मदद लेने के मामले का भी खुलासा इस घटना के बाद हुआ है। ऐसे में पुलिस के सामने भी शहर में शांति व्यवस्था और बदमाशों को रोकना बड़ी चुनौती की तरह है। साथ ही हरियाणा से बदमाशों के खुलेआम हथियार लेकर सोलन पहुंचना और यहां शहर के बीचोंबीच होटल में रात गुजारना भी कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।
टिल्लू गैंग के गुर्गों ने की थी लक्की की हत्या
सोलन में वर्ष 2017 में हरियाणा व दिल्ली में सक्रिय टिल्लू गैंग के गुर्गों ने जिम प्रशिक्षक लक्की की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। सोलन पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस की तरफ से शहर में रहने वाले बाहरी लोगों के पंजीकरण की खास व्यवस्था तय की गई थी। होटल, लॉज और घरों को किराये पर देने वालों को भी सावधान किया गया था। साथ ही सभी किरायेदारों का पंजीकरण थाने में करवाने के निर्देश जारी किए थे। कुछ समय बाद यह व्यवस्था ढीली पड़ गई और अब सिर्फ खास मौके पर ही पुलिस इस तरह के आदेश जारी करती है।
कारोबारी के घर पर हुई थी फायरिंग
राजगढ़ मार्ग पर शहर के एक अन्य कारोबारी के घर में पिछले साल मार्च महीने में दो बदमाशों ने फायरिंग की थी। यह दोनों बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। जिन्हें पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया। दोनों बदमाश हरियाणा में सक्रिय एक गैंग के गुर्गे बताए जो सोलन में कारोबारी को डराने के मकसद से आए थे। यह मामला भी बाद में पैसों के लेनदेन व कारोबारियों की आपसी रंजिश से जुड़ गया था।
पुलिस विभाग करता है कार्रवाई : एएसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह ग्यारह बजे सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी को तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।