परवाणू (सोलन)। औद्योगिक नगरी परवाणू में सीवरेज व्यवस्था दम तोड़ती जा रही है। परवाणू में कभी कहीं तो कभी कहीं सीवरेज पाइप ब्लॉक हो रही है। इसके चलते गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। सीवरेज को लेकर नप की ओर से बनाया मास्टर प्लान फेल होता दिखाई दे रहा है। शहरी विकास विभाग से परवाणू की सीवरेज व्यवस्था को रेनोवेट करने के लिए दो करोड़ की राशि जारी की गई थी जिसके लिए टेंडर भी लगाए जा चुके हैं। लेकिन पिछले 7-8 महीनों से सीवरेज सुधारीकरण का काम ही शुरू नहीं हो पाया है।
इसके चलते इस राशि के लैप्स होने के आसार बनते दिख रहे हैं। नगर परिषद परवाणू ने सीवरेज की समस्या से निपटने के लिए मास्टर प्लान बनाया था। इसके अंतर्गत लोगों से सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए सुझाव मांगे गए थे। लोगों के सुझाव और पार्षदों की सलाह के अनुसार प्लान लागू करने का निर्णय जनरल हाउस में किया गया था। प्लान के अंतर्गत सीवरेज की मुख्य लाइन को नौ इंच करना, कनेक्टेड पाइप का दायरा बढ़ाकर छह इंच करना, नए सेप्टिक टैंक का निर्माण और पुराने का सुधारीकरण करना शामिल था।
इसके अलावा आसपास के गांवों को भी परवाणू की सीवरेज लाइन से जोड़ा जाना था। शहरी विकास विभाग ने इसके लिए दो करोड़ की ग्रांट भी नगर परिषद विभाग को जारी की लेकिन यह कार्य अभी तक लंबित पड़ा है। शुरुआती चरण में तो यह कार्य बड़े जोरशोर से किया गया लेकिन पिछले 7-8 महीनों से यह कार्य ठप है। इससे संबंधित टेंडर भी हो चुके हैं लेकिन काम नहीं शुरू हो पाया है।
वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुआ : ठाकुर दास
नगर परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा का कहना है कि उन्होंने हाउस की हर बैठक में सीवरेज और अन्य लंबित कार्य शुरू करवाने को कहा है जिनके टेंडर हो चुके हैं। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। टेंडर तो कर दिए गए हैं लेकिन ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर ही नहीं दिए जा रहे हैं। इसलिए काम शुरू नहीं हो पा रहा है।