बद्दी (सोलन)।
कालूझिंडा पंचायत के लोग दस दिन से पेयजल को तरस गए हैं। इससे उनमें रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर गर्मी बढ़ रही है, दूसरी ओर बच्चों की परीक्षाएं चली हैं। इस बीच पेयजल न मिलने से दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हो गई है।
पानी न मिलनेे पर पंचायत ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने खाली बर्तन लेकर विभाग की लचर कार्यशैली के प्रति रोष जताया। पंचायत प्रधान देशराज ने कहा कि 10 दिन से पानी के लिए हाहाकार मचा है, लेकिन विभाग इस समस्या की और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। परिणाम स्वरूप विभाग कि इस लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो गर्मी का सीजन शुरू ही हुआ है। अभी से ही गंभीर समस्या के साथ जूझना पड़ रहा है। विभाग की यही लचर कार्यशैली रही तो गर्मियों में समस्या और विकट होगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत के 100 से अधिक पेयजल समस्या से परेशान हैं। विभाग ने एक दिन पहले मोटर लगाई थी जो तुरंत खराब भी हो गई। लोग टैंकरों से पानी मंगवा कर गुजरा कर रहे हैं। सारा दिन पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीण राजिंद्र, बाबूराम, सतीश कुमार, राकेश, शिवराम, राम अवतार, सालिग राम, राकेश, मनोहर लाल, मनोज, रामरतन, अच्छर, बलदेव, शामलाल, अशोक, ओमप्रकाश, रामगोपाल, रविदत्त, बंसीलाल, कश्मीरी लाल, रामजी दास, चिंतामणि, अशोक, रघुवीर, सुभाष, लता, सीमा, सावित्री, सुनीता, नराती, सीतो और बिमला ने बताया कि आजकल बच्चों के वार्षिक पेपर भी चले हैं। ऊपर से विभाग कि लापरवाही के कारण पेयजल समस्या से लोग बुरी तरह से परेशान हैं। उन्होंने विभाग से मांग की कि शीघ्र अति इस समस्या से निजात दिलाई जाए। यदि समस्या का जल्द कोई समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन उन्हें आंदोलन करने को लाचार होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेवारी पूरी तरह से विभाग की होगी।
तकनीकी खराबी से समस्या
एसडीओ आईपीएच नीरज गुप्ता ने कहा कि तकनीकी खराबी के चलते समस्या आई है। इसे दुरुस्त किया जा रहा है। एक्सईएन आईपीएच विजय ढटवालिया ने कहा कि मोटर में दिक्कत के चलते पानी की सप्लाई प्रभिावत हुई है। इसे दुरुस्त करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।