बद्दी/नालागढ़ (सोलन)।
बीबीएन के तहत खेड़ा पंचायत के लोगों को अब पेयजल आपूर्ति की समस्या नहीं रहेगी। 2.20 करोड़ से बनने वाली खेड़ा निचला घराट उठाऊ पेयजल योजना को मंजूरी मिल गई है।
खेड़ा निचला घराट पेयजल योजना को नाबार्ड ने हरी झंडी दिखा दी है। आईपीएच नालागढ़ डिविजन ने योजना पर दो करोड़ 20 लाख 56 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया है। नाबार्ड से स्वीकृति मिलने के उपरांत विभाग अब इसका वर्क अस्टीमेट तैयार कर रहा है। इसके उपरांत टेंडर होंगे। इस योजना से खेड़ा निचला, खेड़ी, नानोवाल, टपरियां, ब्राहमण बेली सहित आसपास के अन्य गांवों की 3242 की आबादी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होगी।
औद्योगिकरण के बाद बीबीएन में उद्योगों की स्थापना हुई है, जिसके तहत खेड़ा पंचायत में भी कई उद्योग स्थापित हुए हैं। इन उद्योगों में काम करने वाले कामगार यहां आसपास के रिहायशी मकानों में किराये के मकान लेकर रहते हैं। क्षेत्र की जनसंख्या बढ़ने के कारण पेयजल आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। पेयजल समस्या का मुद्दा जिला परिषद, बीडीसी और पंचायत की बैठकों में गूंजता रहता है। इसके प्रस्ताव पारित करके विभागों को भेजे जाते रहे हैं। ऐसे में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग भी क्षेत्र की पेयजल समस्याओं को दूर करने के लिए योजनाएं बनाता है, जिनमें से खेड़ा निचला घराट उठाऊ पेयजल योजना भी शामिल है, जिसे अब नाबार्ड से मंजूरी मिल चुकी है।
जल्द होगी टेंडर प्रक्रिया शुरू
इस बारे में अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग नालागढ़ मंडल विजय ढटवालिया ने कहा कि खेड़ा निचला घराट उठाऊ पेयजल योजना को नाबार्ड से स्वीकृति मिल चुकी है। 2.20 करोड़ रुपये की इस योजना का विभाग वर्क अस्टीमेट तैयार कर रहा है। जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी।