अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
केंद्र सरकार की इंटीग्रेटेड हाउसिंग एंड स्लम डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत जरूरतमंद परिवारों के लिए कथेड़ वर्कशॉप के पास 96 मकानों के साथ बहुउद्दश्यीय हॉल भी बनाया जाएगा। इसका निर्माण मकानों के अंतिम मंजिल में किया जाएगा। यह भी पूरी तरह से फैब्रिकेटेड ब्लॉकों से बना होगा।
भवन में रह रहे परिवारों को शादी, सहित अन्य कार्यक्रमों करवाने के लिए हॉलों से फायदा होगा। नप का कहना है कि यदि इस हॉल के लिए कोई बुकिंग नहीं है तो इसे बाहरी लोगों को भी दिया जा सकता है। शहर के गरीब और बेघर परिवारों को छत देने के लिए इंटीग्रेटेड हाउसिंग एंड स्लम डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत पहले चरण में नगर परिषद 96 मकानों का निर्माण कर रही है।
इसे 2018 में वितरित किया जाएगा। मकान के अलग-अलग ढांचों को जोड़ कर आशियाना बनाया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से नगर परिषद को करीब नौ करोड़ की राशि मंजूर की गई है। इसमें से तीन करोड़ की राशि नप को जारी भी कर दी गई है। योजना का लाभ मात्र ऐसे लोगों को दिया जाएगा जो शहर में रहते हैं और गरीब और बेघर हैं। इनकी सालाना आय 30 हजार रुपए से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही निवेदक को सोलन में रहते हुए 25 साल या इससे ज्यादा वर्ष हो चुके हों।
हॉल की मिलेगी सुविधा :
नगर परिषद के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि चंबाघाट बाईपास कथेड़ वर्कशॉप के समीप गरीब और जरूरत मंद परिवारों के लिए 96 भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें लोगों को घरद्वार में ही शादी, सहित अन्य कार्यक्रम करवाने के लिए बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण भी किया जा रहा है। इसका कार्य जल्द ही पूर्ण हो जाएगा।