धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला हाईवे पर जाबली रेलवे फाटक पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे सोलन की ओर जा रहा जेसीबी से लदा ट्राला फाटक के पास रेल ट्रैक पर लुढ़क गया। जिससे कालका-शिमला की ओर जा रही सुबह की पहली 52457 पैसेंजर ट्रेन को सुबह पांच बजे सिग्नल के बाहर ही रोकना पड़ा। जिससे ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ढाई घंटे तक रेल सेवा बाधित रही। ट्रैक पर फंसे ट्राले को निकालने के लिए रेल कर्मचारियों को मेहनत करनी पड़ी। जेसीबी को ट्राले से नीचे उतार कर ट्राले को निकाला, जिससे रेल यातायात बहाल किया गया। रेलवे विभाग के सहायक मंडल डिवीजन अभियंता दिलीप बजाज ने कहा कि यह कार्य फोरलेन निर्माण व हाईवे का है। जो लोग काम देख रहे हैं, उन्हें रेलवे मार्ग को बहाल रखना होगा।