बीडीओ को सहयोग नहीं देंगे अब पंचायत प्रधान
कंडाघाट में प्रधान परिषद की बैठक में लिया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट (सोलन)। प्रधान परिषद कंडाघाट ने शनिवार को बैठक का आयोजन किया। प्रधान परिषद के अध्यक्ष प्रेम कश्यप ने बताया कि प्राकृतिक आपदा, सड़कों और अन्य कार्यों के लिए फौरी सहायता का कोई भी प्रावधान नहीं है। साथ ही 2 प्रतिशत कंटीजैंसी राशि ऐसे कार्य के लिए पंचायतों को दी जानी चाहिए। इसी के साथ सरकार से टीसीपी को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानों को खंड विकास अधिकारी की ओर से पत्र भेजकर बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया। इस कारण प्रधानों में रोष है। बाद में प्रधानों को ही न आने का नोटिस काट कर उपायुक्त और एडीएम को सूचना दे दी है। साथ ही प्रधानों ने बीडीओ को सहयोग न देने का फैसला लिया। उन्होंने कहा की इस दौरान कोई भी काम बाधित नहीं होगा। इस मौके पर प्रधान नंद किशोर, सीता, निशा ठाकुर, आरती , कलावती , अमित , सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।