सोलन। नगर परिषद की बैठक में शहर में चिन्हित अवैध निर्माण कार्यों को उखाड़ने का प्लान तैयार किया गया। इसमें हाईकोर्ट के आदेश के बाद 163 अवैध भवन मालिकों को जारी नोटिसों की समीक्षा की गई। फैसला लिया गया कि अवैध निर्माण को लेकर यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो नगर परिषद इन लोगों के बिजली-पानी के कनेक्शन काट देगी। नप ने अवैध निर्माण करने वाले भवन मालिकों को नोटिस जारी किए था। इसमें भवन मालिकों को 15 दिन के अंदर जवाब देने थे। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने की।
बैठक में फैसला हुआ कि सोलन नगर परिषद में नक्शे अब आनलाइन पास होंगे। लोग नप की वेबसाइट के जरिये ही नक्शे पास करवा सकेंगे। इससे उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए जल्द ही भवनों की एनओसी भी लोगों को आनलाइन मिलेगी। बैठक में कुछ पुराने नक्शों को पास करने को लेकर हंगामा भी हुआ। इसके अलावा बैठक में निर्णय लिया गया कि अब हर वार्ड में लोगों की कमेटी बनेगी और उस कमेटी को नप सफाई कर्मचारी देगी। यह कमेटी सफाई कर्मचारियों के कामकाज पर नजर रखेगी। इसके अलावा बैठक में कुछ आम लोग भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे।
लोगों ने बताया कि वह रहते चौथी मंजिल पर है लेकिन उन्हें नोटिस छठी मंजिल को लेकर दिया है। वहीं वार्ड नंबर 8 के पार्षद पवन गुप्ता ने बैठक में नक्शों को पास करने और अवैध निर्माणों को लेकर होने वाली अनियमितताओं के कई मामले उठाए और उन पर कड़े संज्ञान लेने के लिए कहा। उन्होंने बैठक में नप में कार्यरत रिटायर कर्मचारियों को भी हटाने का मामला उठाया।
नप के अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी गलत व्यक्ति को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस चला गया है तो नगर परिषद को लिखित में इसकी जानकारी दे सकता है। गलती को सुधारा जाएगा और संतोषजनक उत्तर वाले मामलों पर कार्रवाई नहीं होगी। इनका जवाब संतोषजनक नहीं होगा उनके बिजली-पानी के कनेक्शन नप काट देगी।