सोलन। नववर्ष के जश्न को लेकर शहर में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पहाड़ी, पंजाबी और फिल्मी गानों पर युवाओं ने जमकर डांस किया। पुलिस ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए थे। वहीं चायल, कसौली और सोलन के होटलों में सैलानियों के लिए डांस पार्टी से लेकर न्यू ईयर क्वीन स्पर्धाओं का आयोजन किया था। शहर के लोगों ने अपने-अपने स्तर पर पार्टियों का आयोजन कर रखा था। यहां लोग देररात तक डीजे की धुनों पर झूमते रहे। शाम ढलते ही मालरोड पर भारी जनसैलाब उमड़ा। भीड़ का आलम यह था कि पैर रखने को जगह नहीं थी।
सोलन के ओल्ड डीसी ऑफिस स्थित अपना घर में भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में छात्रों ने अलविदा-2017 कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में डीसी राकेश कंवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सोलन के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर वर्ष-2017 को विदाई दी। छात्रों ने इस मौके पर सिरमौरी नाटी, किन्नौरी नृत्य और सोलन के पारंपरिक फोक करियाला की प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया। करियाला की प्रस्तुति ने जहां सभी को लोटपोट किया वहीं सिरमौरी नाटी ने सभागार में मौजूद लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। सिरमौरी छात्र दल के साथ डीसी राकेश कंवर और उनकी पत्नी जानी मानी लेखक मीनाक्षी चौधरी कंवर ने भी डांस किया। इस मौके पर एकल गायन, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर जिला भाषा अधिकारी कुसुम संघाइक समेत शहर के वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे।
नववर्ष को लेकर शहर के माल रोड पर स्थानीय लोगों सहित बाहरी राज्यों के पर्यटकों से भरा रहा। वहीं इस दौरान सभी को रात के 12 बजे का इंतजार है। खासकर युवाओं जोकि रात के 12 बजते ही अपने दोस्तों सहित रिशतेदारों को व्हटअप, फेसबुक सहित अन्य सोशल नेटर्वकों से बधाई संदेश देंगे। इसके अलावा लोग बेकरी, गिफ्ट सहित फूलों की दुकानों पर भी खरीददारी करते हुए दिखाई दिए।
एसपी मोहित चावला ने बताया कि नववर्ष को लेकर एनएच पर पुलिस द्वारा गश्त कर बाहरी राज्यों से आ रहे वाहनों की तलाशी ली जा रही है। इस दौरान वाहन चालकों की नशे को लेकर भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस द्वारा अतिरिक्त पीसीआर गाड़ियों द्वारा भी जगह-जगह पर गश्त की जा रही है। एनएच के किनारे किसी भी वाहन को गाड़ी खड़ी नहीं करने दी जा रही है।