सोलन।
शहर में चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही पेयजल संकट एक बार फिर शुुरू हो गया है। करीब दो माह तक पेयजल सप्लाई दुरुस्त रहने के बाद अब हालात बिगड़ने लगे हैं। सोलन शहर में शनिवार को तीसरे दिन पेयजल सप्लाई न होने से लोगों को मुश्किलों से गुजरना पड़ा। पूरे शहर में इस दौरान हाहाकार मचा रहा।
सपरून में पेयजल किल्लत से शनिवार को लोग पूरा दिन परेशान रहे। यहां पिछले करीब तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। शहरवासियों ने इस दौरान नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी संपर्क करना चाहा लेकिन किसी से उनकी बात नहीं हो पाई। अब हताश शहरवासियों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी है। शहरवासियों का कहना है कि चुनाव तक उन्हें पूरा पानी देकर झांसे में रखा गया। अब चुनाव प्रक्रिया खत्म होते ही पानी बंद कर दिया गया है।
विज्ञापन
सपरून निवासी भवानी दत्त शर्मा, सतीश, सुषमा समेत अन्य ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्हें नियमित रूप से पानी की सप्लाई आ रही थी। किसी दिन कोई शिकायत नहीं हुई। लेकिन जैसे ही चुनाव संपन्न हुए दोबारा पेयजल किल्लत शुरू हो गई। घरों में इस्तेमाल लायक पानी नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने व्यवस्था ठीक नहीं की तो सभी लोग मिलकर ईओ का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पेयजल सप्लाई ठीक रखना और बाद में बंद कर देना लोगों के साथ धोखा है।
इस बारे में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी का कहना है कि अश्वनी और गिरि दोनों खड्ड से पानी की सप्लाई नहीं मिली है। इसकी वजह से दिक्कत आई है। उन्होंने कहा कि रविवार को पूरे शहर में पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। भविष्य में ऐसी समस्या पेश न आए उस पर नगर परिषद गंभीरता से विचार करेगी।