सोलन। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए इंडक्शन चूल्हे बांटने का प्रयास एक उम्मीदवार को महंगा पड़ गया। चुनाव आयोग ने शिकायत मिलने के बाद उम्मीदवार को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी कर दिया है। उम्मीदवार को अब इसका जवाब देना होगा। साथ ही आयोग की टीम ने दबिश देकर बांटने के लिए मंगवाए चूल्हों को भी जब्त कर लिया है।
नालागढ़ में सामने आए इस मामले में एक निर्दलीय प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आयोग कार्रवाई तेज कर चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कंवर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में इसका खुलासा किया। कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की बहुत कम शिकायतें सोलन जिला से मिली हैं। कुछेक छिटपुट शिकायतों को मौके पर ही हल कर लिया है। जबकि जो बड़े मामले हैं उन पर जांच बैठाई है। संबंधित उम्मीदवार से भी इस बारे में जवाब मांगे गए हैं।
उन्होंने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी पर इंडक्शन चूल्हे बांटने का आरोप लगा था। इसके बाद चुनाव आयोग की टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में इंडक्शन चूल्हे बरामद किए हैं। इन चूल्हों को सील कर दिया है। उम्मीदवार को नोटिस भेजकर इस बारे में जवाब मांगा गया है। मामले की छानबीन पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा अन्य मामलों में जबरन पोस्टर लगाने, देर तक माइक चलाने और पेड न्यूज से जुड़े कुछ मामले हैं जिन पर उम्मीदवारों को नोटिस भेजे हैं। कहा कि चुनाव आयोग इस बार कड़ी निगरानी बरत रहा है। किसी को भी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जाएगी।
तीन लाख 73 हजार 959 मतदाता चुनेंगे विधायक
सोलन में इस बार तीन लाख 73 हजार 959 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें से एक लाख 93 हजार 680 पुरुष और एक लाख 80 हजार 272 महिला मतदाता हैं। इस बार अर्की विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 84 हजार 560 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। नालागढ़ में 82 हजार 64, सोलन में 81 हजार 19, कसौली में 63 हजार 965 व दून में 62 हजार 351 मतदाता पंजीकृत हैं। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि निर्वाचन आयोग इस बार सौ प्रतिशत मतदान पर काम कर रहा है और उम्मीद है इसमें कामयाबी मिलेगी।
1806 मतदाता डाक से करेंगे मतदान
सोलन जिला में 1806 मतदाता डाक के इस्तेमाल से मतदान करेंगे। जिला में विभिन्न नौकरियों में सेवारत 1800 पुरुष और 6 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। इनके मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने पूरे प्रबंध कर लिए हैं। सबसे ज्यादा सेवारत मतदाता नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हैं यहां 637 मतदाता पंजीकृत हैं। अर्की में 427, दून में 226, सोलन में 236 व कसौली में 280 सेवारत मतदाता पंजीकृत हैं।
534 मतदान केंद्रों में पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया
जिला में इस बार 534 मतदान केंद्रों में चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें सोलन विस क्षेत्र में 122, अर्की में 130, नालागढ़ में 100, दून में 90 और कसौली में 92 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में पल-पल की अपडेट के लिए निर्वाचन आयोग ने पुराने डीसी कार्यालय में सूचना केंद्र स्थापित किया है।
दस मतदान केंद्र महिलाओं के लिए आरक्षित
निर्वाचन आयोग ने जिला में दस मतदान केंद्र सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित किए हैं। यहां पुरुष मतदान नहीं कर पाएंगे। अर्की विस क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अर्की छात्र और छात्रा, नालागढ़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नालागढ़ और खंड विकास कार्यालय, दून में राजकीय प्राथमिक स्कूल बलयाना और प्राइमरी स्कूल मलखुमाजरा, सोलन में सेंट ल्यूक्स स्कूल और नप कार्यालय सोलन, कसौली में छावनी बोर्ड कसौली और आरएंडटी विंग सीआरआई को महिलाओं के लिए आरक्षित किया है।