20 फरवरी से शुरू होगी प्रतियोगिता, ट्रायल में 18 खिलाड़ियों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के ठोडो मैदान में रविवार को सोलन क्रिकेट टीम के लिए सुबह 10:00 बजे से ट्रायल हुए। इसमें 30 युवाओं ने भाग लिया। प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए युवाओं ने हुनर दिखाया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर टीम में शामिल होने का प्रयास किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता 20 फरवरी से शुरू होने जा रही है। मैदान में ट्रायल दोपहर 2:00 बजे तक चले। ट्रायल में शामिल 30 युवाओं में से 18 खिलाड़ियों का चयन टीम के लिए किया गया। इनमें 10 बल्लेबाज और 8 गेंदबाज जिले की क्रिकेट टीम में चुने गए हैं।
सोलन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान जगदीप शर्मा ने बताया कि सोलन की क्रिकेट टीम में पहले से ही कई खिलाड़ी मौजूद हैं, जो वर्तमान में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गए हैं। ट्रायल आयोजित करने का उद्देश्य जिले के अन्य युवाओं को भी हुनर दिखाने का अवसर देना है। उन्होंने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों में से अंतिम 11 खिलाड़ियों का चयन करने के लिए प्रतियोगिता से पहले कुछ टेस्ट मैच होंगे। इसके बाद ही पूरी टीम तैयार की जाएगी।