यूको आरसेटी में प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग के बारे में भी दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सोलन की ओर से आयोजित दो प्रशिक्षण शिविरों का समापन हो गया। सोमवार को प्रतिभागियों का अंतिम मूल्यांकन किया गया, जिसमें उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में यूको बैंक की लीड डिस्ट्रिक मैनेजर तमन्ना मोदगिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिभागियों के उत्पादों का निरीक्षण कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया। प्रशिक्षण शिविर में 30 युवाओं को 12 दिनों तक जैविक उत्पादों से धूप और अगरबत्ती बनाने के साथ-साथ पुराने सामान से मोमबत्ती तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग और विपणन के बारे में भी जानकारी दी गई। यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को भारत सरकार की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें स्वरोजगार शुरू करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं के लिए टेलरिंग, ब्यूटी पार्लर और केक बनाने जैसे नए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।