ड्रग्स विभाग और पुलिस टीम ने की रामशहर में छापेमारी
दवाओं को सीज कर जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। दवा निरीक्षक अर्की की टीम ने बीबीएन पुलिस के साथ नालागढ़ के गलोत में क्लीनिक पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस बेची जा रही 30 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त कीं। इन दवाओं के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामला न्यायालय भेजा जाएगा। यह कार्रवाई दवा निरीक्षक अर्की राकेश कौशल के नेतृत्व में की गई।
टीम ने मौके पर क्लीनिक का संचालन कर रहे घनश्याम निवासी रामशहर से ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। वह लाइसेंस नहीं दिखा सके। जांच के दौरान पता चला कि क्लीनिक में दवाओं का अवैध भंडारण किया गया था। खरीद-बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
विभाग ने इसे ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 18(सी) और 18A का उल्लंघन बताया। टीम ने सभी 30 प्रकार की दवाओं को सीज कर लिया। दवा निरीक्षक राकेश ने कहा कि बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री और भंडारण गंभीर अपराध है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।