कुठाड़(सोलन)। दून विधायक परमजीत सिंह पम्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर होम क्वारंटीन कर दिया है। विभाग ने परिवार के अन्य सदस्यों को अलग रहने को कहा है जिनके 10 दिन बाद टेस्ट करवाए जाएंगे। दून के विधायक 17 अगस्त को बद्दी से पट्टा होते हुए कुठाड़ और जगजीतनगर नगर पंचायत के धांधड़ी गांव में आए थे। विधायक पट्टा में भी कुछ देर तक रुके थे। चंडी स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. उदय ठाकुर ने कहा कि छानबीन के बाद पता चला है कि विधायक के संपर्क में कुल 30 लोग आए हैं जो पट्टा, कुठाड़, घड़सी और चंडी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बुखार, खांसी, गले मे दर्द के अलावा सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने का आह्वान किया है।