मां शूलिनी मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए आयोजित ऑडिशन में नृत्य का प्रदर्शन करती प्रतिभागी
अंतिम दिन 60 प्रतिभागियों ने लिया भाग, सांस्कृतिक संध्याओं में देंगे प्रस्तुति
23, 24 जून तक चयनित सभी प्रतिभागियों को फोन पर भेजा जाएगा मैसेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऐतिहासिक और राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को लेकर कलाकारों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मेले में अपनी कला का जादू बिखेरने के लिए आयोजित किए गए चार दिवसीय ऑडिशन प्रक्रिया का वीरवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। चार दिन तक चले इस ऑडिशन में कुल 285 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ऑडिशन के आखिरी दिन कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन 60 नए प्रतिभागियों ने मंच पर आकर अपनी कला का हुनर दिखाया और सांस्कृतिक संध्याओं में जगह बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश की। ऑडिशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चयन समिति सर्वश्रेष्ठ कलाकारों की सूची तैयार करने में जुट गई है। जिला भाषा अधिकारी ममता वर्मा ने बताया कि ऑडिशन की प्रक्रिया पूरी तरह संपन्न हो चुकी है। जितने भी कलाकारों का चयन सांस्कृतिक संध्याओं के स्टेज के लिए होगा, उन्हें 23 और 24 जून तक उनके मोबाइल फोन पर मैसेज के जरिये सूचित कर दिया जाएगा। चयनित कलाकारों को ही आगामी कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया जाएगा।