नालागढ़ में नगर परिषद की टीम सड़क में सजाए सामान को गाड़ी में भरते हुए- स्ंवाद
नालागढ़ शहर में नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद ने अपनी कार्रवाई जारी रखी है। रविवार को परिषद की टीम ने अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों और दुकानदारों पर शिकंजा कसते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक हेमराज की अगुवाई में टीम ने शहर का दौरा किया और करीब 24 रेहड़ी-फड़ी वालों को मुख्य मार्गों से हटाया। इस दौरान परिषद ने चार लोगों के चालान काटे और छह अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त कर लिया। परिषद की इस कार्रवाई से रेहड़ी-फड़ी धारकों में हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी ओर, शहर के बाजार भी खुले हो गए और लोगों को आवागमन में राहत मिली। परिषद की टीम ने सड़कों पर सामान सजाए बैठे दुकानदारों से भी अतिक्रमण हटवाया और उन्हें सख्त हिदायत दी कि यदि दोबारा सामान सड़क पर मिला तो उसे जब्त कर लिया जाएगा और चालान भी काटा जाएगा। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि अतिक्रमणकारी अब भी बाज नहीं आए तो उनका सामान जब्त कर वापस नहीं किया जाएगा और लगातार चालान भी काटे जाएंगे।उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि परिषद की टीम ने करीब 24 रेहड़ी-फड़ी धारकों को हटाया है और छह का सामान जब्त कर चार चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।