सोलन अस्पताल में डीवीआर दुरुस्त, फिर सीसीटीवी से होगी निगरानी
अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था मामला, डीवीआर खराब होने से बंद पड़े थे 56 कैमरे
क्षेत्रीय अस्पताल में सामने आईं थीं चोरी की कई घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में फिर से हर गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रहेगी। साथ ही, मरीजों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में लगाए कैमरों के डीवीआर सिस्टम को अस्पताल प्रशासन ने ठीक करवा दिया है। ‘अमर उजाला’ ने अस्पताल में कैमरों के खराब पड़े डीवीआर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया। लगभग एक महीने से अस्पताल में लगे 56 कैमरे नियंत्रण कक्ष में लगे डीवीआर सिस्टम के खराब होने से बंद पड़े थे। इससे अस्पताल की सुरक्षा दांव पर लगी हुई थी। इसी के साथ यहां पर आने वाले मरीजों को अपनी और अपने सामान की चिंता सता रही थी। बंद कैमरों के कारण अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के कीमती सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ा। क्षेत्र का बड़ा अस्पताल होने के कारण सोलन, शिमला और सिरमौर से मरीज अपना इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक अशोक हांडा ने बताया कि डीवीआर सिस्टम को ठीक करवा दिया गया है। बताया कि अस्पताल में लगे सभी कैमरे चल पड़े हैं। अस्पताल प्रशासन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हर गतिविधि पर नजर रखना अब आसान होगा।