चिल्ड्रन पार्क में इकट्ठे होकर फीस वृद्धि का विरोध
सोलन शहर के दो निजी स्कूल के खिलाफ सैकड़ों अभिभावक हुए एकत्रित
कहा- बढ़ाई फीस को कम नहीं किया तो करेंगे आंदोलन, कार्यकारिणी का किया विस्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला मुख्यालय में निजी स्कूलों के खिलाफ अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया है। यह मोर्चा धीरे-धीरे आंदोलन का रूप लेने लगा है। इसके तहत रविवार को शहर के दो जाने-माने निजी स्कूल सेंट ल्यूक्स और एमआरडीएवी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। इस दौरान दोनों स्कूलों के सैकड़ों अभिभावकों ने स्कूल में बढ़ाई फीस और अन्य फैसलों का पुरजोर विरोध किया। उनके बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के नाम पर पैसे वसूल करते हैं जो सुविधाएं छात्रों को दी ही नहीं जा रहीं। वहीं, बच्चों के लिए एक ही दुकान से वर्दी और किताबें खरीदने के लिए भी अभिभावकों को मजबूर किया जाता है। इसका सभी अभिभावक विरोध करते हैं। अभिभावकों ने कहा कि यदि स्कूल प्रशासन ने मांगों को न माना तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान एमआरडीएवी के अभिभावकों की ओर से बनाई तदर्थ कमेटी के प्रधान तेजिंद्र सिंह, सचिव चमन, उप प्रधान सरिता, संयुक्त निदेशक शमा, सुरेश शर्मा सहित अन्य अभिभावकों ने कहा कि इस बैठक में स्कूल की कार्यप्रणाली को लेकर आगामी रणनीति तैयार की गई। इसमें सभी अभिभावकों से स्कूल में पेश आ रही समस्याओं को लेकर शिकायतें भी दर्ज की गई हैं ताकि जल्द ही इनका समाधान किया जा सके।
स्कूल प्रबंधन नहीं दे रहा मिलने का समय
एमआरए डीएवी अभिभावक संघ के अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के साथ इस मामले में बात करना चाहते हैं। स्कूल प्रबंधन ने अभी तक अभिभावकों को समय नहीं दिया है। स्कूल प्रबंधन कह रहा है कि प्रधानाचार्या सीबीएससी ड्यूटी में हैं। अभिभावकों ने रविवार को बैठक कर यह फैसला लियाकि पहले स्कूल प्रबंधन से बात की जाएगी। अगर स्कूल प्रबंधन ने बात नहीं मानी तो मामले को सरकार तक पहुंचाएंगे।
जारी रहेगा स्कूल प्रबंधन के फैसलों का विरोध
सेंट ल्यूक्स पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्षा देविनी शर्मा ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से लिए गए फैसलों के खिलाफ विरोध जारी रहेगा। सरकार के आला अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। अभिभावकों से हो रहे अन्याय को स्वीकार नहीं किया जाएगा।