सोलन। जिले के कंडाघाट और नवगांव में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग सोलन ने मंगलवार को दो टीमें कंडाघाट और नवगांव रवाना कर दीं। ये दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपेंगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब ये टीमें स्वाइन फ्लू के मरीजों के परिजनों के अलावा उनके नजदीकी रिश्तेदारों की जांच करेंगी जिससे कोई इस फ्लू की चपेट में न आ पाए। साथ ही यदि किसी में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाऐंगे तो उन्हें टेमी फ्लू दवा उपलब्ध करवाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में हेल्थ वर्कर के साथ सुपरवाइजर भी साथ में रहेंगे। इसी के साथ अन्य लोगों को भी स्वाइन फ्लू के बारे में विभाग जागरूक करेगा। इस बीमारी से संबंधित एलीजा टेस्ट की सुविधा सोलन के कसौली और शिमला आईजीएमसी में ही उपलब्ध है। सोलन जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आए हैं जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। स्वाइन फ्लू से संभावित मरीजों को सोलन अस्पताल में नहीं लाया गया। उन्हें सीधे आईजीएमसी शिमला ले जाया गया। साथ ही अभी भी दोनों ही मरीज शिमला अस्पताल में उपचाराधीन हैं। स्वाइन फ्लू के इन दो मामलों में से एक नवगांव और दूसरा मामला कंडाघाट से है।
स्वास्थ्य विभाग ने उपलब्ध करवाईं दवाएं
स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड के साथ स्वाइन फ्लू से लड़ने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में टेमी फ्लू दवाई, सिरप और कैप्सूल उपलब्ध करवा दिए हैं। वहीं स्टाफ से लिए भी वैक्सीनेशन के ऑर्डर दिए गए हैं। सोलन के नालागढ़, अर्की, चंडी, धर्मपुर और अन्य स्थानों पर दवाई, कैप्सूल व सिरप उपलब्ध करवा दिए हैं।
स्वास्थय विभाग ने भेजी टीमें : गुप्ता
जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन एनके गुप्ता ने बताया कि कंडाघाट और नवगांव में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो टीमें भेज दी हैं। ये टीमें दो दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने बताया कि स्वाइन फलू से ग्रस्त मरीजों के परिजनों के साथ उनके नजदीकी रिश्तेदारों में लक्षणों की जांच की जाएगी। लक्षण पाए पर दवाई भी उपलब्ध करवाने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।