सोलन। सोलन जिला का तीसरा जनमंच कार्यक्रम 5 अगस्त को दून विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की बैठक ली। उपायुक्त विनोद कुमार ने कहा कि 5 अगस्त को जनमंच कार्यक्रम उपतहसील कृष्णगढ़ की ग्राम पंचायत चंडी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनमंच में सोलन उपमंडल के धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत चंडी, ग्राम पंचायत बढलग, ग्राम पंचायत बारियां, ग्राम पंचायत भागुड़ी, ग्राम पंचायत बुघार कनैता, ग्राम पंचायत दाड़वा, ग्राम पंचायत ढकरियाणा, ग्राम पंचायत घड़सी, ग्राम पंचायत जाडला, ग्राम पंचायत कुठाड़, ग्राम पंचायत गांगूड़ी, ग्राम पंचायत जगजीतनगर, ग्राम पंचायत पट्टानाली, ग्राम पंचायत गोयला तथा नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत दिग्गल, बधोखरी एवं ग्राम पंचायत छियाछी की समस्याओं एवं शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम में हिमाचली प्रमाणपत्र, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, विभिन्न राजस्व प्रमाणपत्र, मृदा स्वास्थ्य कार्ड इत्यादि भी जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधिक सहायता, पूर्व सैनिकों को सहायता से संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी की जाएगी। जनमंच में महिला मंडल तथा युवक मंडलों का पंजीकरण किया जाएगा। डिजिटल राशन कार्ड से संबंधित कार्रवाई पूरी की जाएगी। जनमंच कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना तथा गृहिणी सुविधा योजना के पात्र व्यक्तियों को भी लाभ प्रदान किए जाएंगे। विनोद कुमार ने संबंधित पंचायत के लोगों से इस जनमंच कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।