सोलन। लंबे इंतजार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में जनौषधि केंद्र खुल गया। अब मरीजों को अस्पताल परिसर में ही सस्ती दवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जन औषधि केंद्रों में दवाएं बाजार के मुकाबले दस गुना कम दामों पर मिलेंगी। इससे हजारों लोगों को फायदा होगा। विभाग ने चिकित्सकों को पहले ही जेनरिक दवाएं लिखने के निर्देश दे दिए हैं। अब केंद्र खुलने से मरीजों को इसका लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। विभाग के मुताबिक जो दवा बाजार में चालीस रुपये में मिलती है तो जन औषधि केंद्र में दस रुपये में मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन ने केंद्र चलाने के लिए कमरा उपलब्ध करवाया है जबकि केंद्र निजी कंपनी के पास है। डॉक्टरों को स्वास्थ्य निदेशालय से पहले ही जेनरिक दवाएं लिखने के निर्देश मिल चुके हैं। जनौषधि केंद्र में पैरासिटामोल, सीट्रीजन, बीपी, एंटी वॉयटिक, आयरन कैल्शियम जैसी बाजार की दुकानों के दाम से 10 गुना सस्ते दाम पर दी जा रही हैं।
बीटाडीन जैसी दवाई जहां बाजार में 40 की बाहर मिलती है केंद्र में 10 रुपये की मिल रही है। सिरिंज बाहर 10 रुपये की और जनौषधि केंद्र में 2 रुपये की मिलेगी। गरीबी रेख दर के नीचे के लोगों तथा मध्य वर्ग के लोगों को इस केंद्र के खुलने से काफी फायेदा मिलेगा। अस्पताल में मौजूद कमला, शिल्पा, पवन, अमित, कैलाश, सुमन, नेहा और वंदना आदि सभी लोग इस केंद्र के खुलने से काफी खुश हैं। इन दवाइयों के कम दाम होने से गरीब लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही मरीजों को अब गंभीर हालत में अस्पताल परिसर से बाहर भी नहीं जाना पड़ेगा। उधर, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक महेश गुप्ता का कहना है कि परिसर में जनौषधि केंद्र खुलने से सभी लोगों को लाभ मिलेगा।