अर्की (सोलन)। लोनिवि विश्राम गृह में भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को उनके पद से हटाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बीडीसी सदस्य और भाजपा की ओर से उपाध्यक्ष की दावेदारी जता चुके हिरापाल ने कहा कि तीन माह बाद होने वाली समिति की बैठक केवल औपचारिकता ही होती है। इस बैठक में अधिकतर विभागों के अधिकारी नदारद रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही उनकी जनसमस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने में नाकाम रहे हैं। समिति की प्रत्येक बैठक में अव्यवस्था का आलम रहता है। हिरापाल ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर वह तीन अगस्त को होने वाली बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इसे लेकर कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्य भी उनके संपर्क में है। उन्होंने कहा कि बैठक में ओम प्रकाश, दीप चंद, प्रेम चोपड़ा, सुरेश, जमना दास, सीमा महंत, कांता शर्मा आदि बीडीसी सदस्य भी मौजूद रहे।