परवाणू में पेयजल किल्लत बीच व्यर्थ में पानी बहाने वालों पर हिमुडा ने दिखाई सख्ती, लोगों को तीसरे दिन मिल रहा पानी
कौशल्या खड्ड सूखने से पानी के लिए मचा है हाहाकार
एमएम भंडारी
परवाणू (सोलन)।
औद्योगिक शहर परवाणू में पानी की किल्लत के चलते हजारों लोग परेशान हैं। लोगों को तीसरे दिन पानी की सप्लाई दी जा रही है। लेकिन हैरत बात है कि भारी पेयजल किल्लत के बीच कुछ जगह पानी की टंकियां ओवरफ्लो हो रही हैं। हिमुडा ने सख्त चेतावनी दी है कि अगर पानी व्यर्थ में बहाया तो उन लोगों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके बावजूद शहर के कुछ हिस्सों में इन आदेशों पर अमल नहीं हो रहा। अभी तक शहर के सेक्टर-6 और 4 में हिमुडा ने कार्रवाई कर करीब 10 लोगों के कनेक्शन काटे हैं। इन लोगों के कनेक्शन अब गरमी का सीजन बीत जाने के बाद ही बहाल हो पाएंगे।
मौजूदा समय में परवाणू में पानी की लिए हाहाकार मचा हुआ है। यहां पर शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली एक मात्र कौशल्या खड्ड भी पूरी तरह से सूख चुकी है। इस कारण शहर में लोगों को तीसरे दिन बाद पानी की सप्लाई मिल रही है। परवाणू शहर में औसतन 6 लाख लीटर पानी की खपत होती है लेकिन गर्मी के कारण इन दिनों हिमुडा को मात्र 2.50 लाख लीटर ही पानी मिल पा रहा है। ऐसे में हिमुडा को भी परवाणू में सभी लोगों तक पानी पहुंचाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
शहर में पानी की कमी को देखते हुए हिमुडा ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति पानी व्यर्थ न बहाएं। शहर के सेक्टर-5 में रोज पानी की टंकियां ओवरफ्लो हो रही हैं। लेकिन हिमुडा के कर्मचारियों के पहुंचने से पहले ही लोग टंकियों की सप्लाई बंद कर देते हैं।
रि-कनेक्शन के साथ लगेगा जुर्माना
शहर में काटे गए पानी के कनेक्शनों को दोबारा बहाल करने पर पहले जुर्माना अदा करना होगा। फिलहाल हिमुडा गरमी के इस सीजन के खत्म होने तक ऐसे कनेक्शन बहाल नहीं करेगी।
पावर कट से नहीं मिला पानी
परवाणू शहर में शुक्रवार को लगे बिजली के पावर कट से शहर के आधे हिस्से में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। हिमुडा ने स्रोत से पानी तो स्टोर कर लिया लेकिन बिजली न होने से पानी का लिफ्ट नहीं किया जा सका।
दस कनेक्शन काटे हैं : हिमुडा
हिमुडा के सहायक अभियंता राजेश ठाकुर ने कहा कि अभी तक ऐसे लोगों के करीब दस कनेक्शन काटे गए हैं। सेक्टर पांच में भी कर्मचारी गए थे लेकिन तक पानी ओवरफ्लो नहीं हो रहा था। इसके अलावा काटे गए कनेक्शन को जुर्माना रि-कनेक्शन के समय में लगाया जाएगा।