सोलन। हिमाचल प्रदेश राज्य बाल संरक्षण आयोग द्वारा आज सोलन के ठोडो मैदान में बाल दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 18 वर्ष से कम आयु वर्ग की एक मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया गया। उपायुक्त सोलन राकेश कंवर ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। राकेश कंवर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बच्चों की क्षमता और प्रतिभा को बढ़ाने के लिए उन्हें सही शिक्षा, पोषण व संस्कार दिए जाने चाहिए। खेल-कूद के माध्यम से ही बच्चों का मानसिक व शारीरिक विकास संभव है। उन्होंने बच्चों का आह्वान किया कि वे बाल दिवस जैसे अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लें, क्योंकि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर आयोजित मिनी मैराथन के छात्र वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र सोलन के प्रेम ने प्रथम स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठों के दीपक ने द्वितीय स्थान तथा दुर्गा पब्लिक स्कूल सोलन के सुशांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या सोलन की आशिमा ने पहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठों की निकिता ने दूसरा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या सोलन की मीना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। अंतर्राष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील कुमार व कल्पना परमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. चंद्रेश्वर शर्मा, जिला खेल अधिकारी गोवर्धन सिंह ठाकुर, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य कुसुम वर्मा, आशुतोष व डॉ. रोशन लाल सहित बच्चों के अभिभावक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।