पुलिस को थड़ी में नाके के दौरान मिली कामयाबी, कुल्लू का चालक गिरफ्तार
सोलन से अर्की क्षेत्र के लिए पहुंचाई जा रही थी शराब की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/सुबाथू। सोलन पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सुबाथू के समीप थड़ी क्षेत्र में एक ट्रक से 200 पेटी अवैध शराब बरामद की है। यह अवैध शराब बिना किसी वैध दस्तावेज के सोलन से अर्की पहुंचाई जा रही थी। पुलिस चौकी सुबाथू की टीम थड़ी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ऊपरी थड़ी में एक ट्रक अवैध रूप से लदी शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाका लगाकर ट्रक को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 200 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक की पहचान चेतराम,निवासी गांव घर्टगाड चनोन, बंजार, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चेतराम यह शराब सोलन से खरीदकर लाया था और उसे अर्की ले जा रहा था। एसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। मामले की जांच जारी है।