अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। कृषि विभाग सोलन में कृषि प्रसार अधिकारियों के पद खाली होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि उन्हें विभाग की ओर से मिलने वाले बीज, उपकरण, कीटनाशक सहित अन्य विभागीय जानकारी जुटाने में आए दिन समस्याओं से दो चार होना पड़ रहा है।
कृषि विभाग के अनुसार सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि प्रसार अधिकारियों के 36 पद खाली हैं। पदों के खाली होने से इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। पद खाली होने से कई जगह कार्यालयों में ताले लटके हैं। इसके चलते किसानों को कृषि संबंधी सामान लेने के लिए दूर दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। इससे किसानों को मानसिक के साथ आर्थिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। गौरतलब है कि सोलन में अधिकतर किसानों की रोजी-रोटी का सहारा कृषि है। काफी लंबे अरसे से खाली पदों को भरने के लिए कोई भी पहल नहीं की जा रही है। किसानों को अधिक पैसा और सफर तय कर दूसरे प्रसार कार्यालयों व सोलन कृषि विभाग ही आना पड़ रहा है।
कृषि प्रसार अधिकारी किसानों को विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी देता है ताकि किसानों को लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहना पड़े। इसके साथ बीज, कीटनाशक, उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी कृषि प्रसार अधिकारी ही देते हैं। प्रसार कार्यालयों में किसानों के लिए पहुंचने वाली खेप भी कृषि प्रसार अधिकारी की ओर से ही किसानों को वितरित की जाती है।
इस बारे में उप निदेशक कृषि विभाग सोलन राम नाथ ने बताया कि प्रसार अधिकारियों के खाली पदों के बारे में निदेशालय को सूचना भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से किसानों को कोई समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए विभाग बेहतर प्रयास कर रहा है।