पेयजल में मिल रहा गंदा पानी, संक्रमण का खतरा
सोलन शहर में गंदी नालियों से गुजर रही टूटी पेयजल पाइपलाइन
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फटी है पेयजल पाइपलाइन
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के अधिकतर क्षेत्रों में गंदी नाली से पेयजल पाइपें गुजर रही हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ये पेयजल पाइपें जगह-जगह से टूटी-फूटी पड़ी हैं। इनसे पानी की लीकेज हो रही है। ऐसे में गंदा पानी पेयजल पाइपों में मिक्स होकर लोगों को पीना पड़ रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है। अब तक इन पेयजल पाइपों को बदलने के लिए नगर परिषदने कोई भी कार्रवाई आज तक नहीं की है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शहर के कई क्षेत्रों में तो पेयजल पाइप गंदी नाली के ऊपर से गुजर रहे हैं। बारिश के दिनों में समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है। सारा कूड़ा-करकट नाली के अंदर और पेयजल पाइपों के ऊपर से गुजरता है जिससे लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। इस पानी को पीने से बीमारियों के बढ़ने की संभावना अकसर है। गंदी नाली पर से बिछे पेयजल पाइपों को किसी और स्थान पर बदलने की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि कई क्षेत्रों में नाली के ऊपर से गुजर रहे पेयजल पाइपों को बदला गया है। बताया कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।