नालागढ़ (सोलन)।
भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे शहर के लोगों को अब प्यास नहीं सताएगी। दोनों वक्त पेयजल मुहैया होगा। आईपीएच ने चिकनी नदी में नया ट्यूबवेल स्थापित कर दिया है। इससे सोमवार से शहर को जलापूर्ति की जाएगी।
चिकनी नदी में एक ट्यूबवेल के खराब होने के कारण दो वक्त पेयजल आपूर्ति में बाधा आ रही थी। एक ट्यूबवेल से दिन में एक बार ही पानी सप्लाई किया जा रहा था। इससे गर्मी के मौसम में लोगों की परेशानियां बढ़ गई थीं। आईपीएच के तहत चिकनी नदी के मुख्य स्रोत से शहर के लिए जलापूर्ति होती है। जनवरी में एक ट्यूबवेल में समस्या आई थी। इसमें मिट्टी आ जाने से पानी निकालने में दिक्कत आ रही थी। विभाग ने उस समय तो इस समस्या का समाधान कर लिया, लेकिन मार्च में यह समस्या फिर से पैदा हो गई। विभाग इसे दुरुस्त बनाने में जुट गया, लेकिन मिट्टी भरे पानी के आने से यह समस्या जस की तस बनी रही। यह ट्यूबवेल खराब हो गया। अंतत: एक ही ट्यूबवेल से शहर को पेयजल आपूर्ति करवाई जाती रही, जो नाकाफी थी।
दो ट्यूबवेल में से एक सिंचाई डिवीजन का
आईपीएच विभाग चिकनी नदी से उठाऊ पेयजल योजना से जलापूर्ति करवाता है। यहां आईपीएच के दो और सिंचाई का एक ट्यूबवेल है। सिंचाई वाले ट्यूबवेल का प्रयोग भी कई मर्तबा पेयजल आपूर्ति के लिए किया जाता है। अब दूसरा ट्यूबवेल विभाग ने लगा दिया है। चिकनी नदी किनारे से राइजिंग मेन से पानी भल्लेश्वर महादेव के दो टैंकों में आता है। इन दो टैंकों की क्षमता एक की 10 लाख लीटर और दूसरे की 9 लाख लीटर है। इसके बाद पानी लोगों को वितरित किया जाता है। भल्लेश्वर महादेव स्थित एक टैंक से शहर के वार्ड-2, 3, 4, 8 और 9 सहित रखराम सिंह, कालेज को पेयजल आपूर्ति होती है। दूसरे टैंक से पहले पानी गुरुद्वारे के पास बनाए टैंक में आता है। यहां से वार्ड-1, 2, 5, 6 और 7 को सप्लाई दी जाती है।
आईपीएच नालागढ़ मंडल के एक्सईएन विजय कुमार ढटवालिया ने कहा कि खराब ट्यूबवेल को बदल दिया है। सोमवार से नये ट्यूबवेल से शहर को पानी की आपूर्ति की जाएगी। इससे शहर के लोगों को दोनों वक्त पानी की सप्लाई की जाएगी।