सोलन। नगर परिषद सोलन अब पीने के पानी को वार्ड स्तर पर स्टोर करेगी। इसके लिए प्रत्येक वार्ड या संयुक्त रूप से दो से तीन वार्डों के लिए जल भंडारण टैंकों का निर्माण किया जा रहा है।
करोड़ों की गिरि और अश्वनी पेयजल योजनाओं के बावजूद शहर में विकराल हो रही पानी की किल्लत को दूर करने के लिए नगर परिषद ने यह सराहनीय फैसला लिया है। इसका कार्य भी शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में सलोगड़ा में एक टैंक बनाया जा रहा है। इसके बाद जगह के हिसाब से सभी वार्डों को इस योजना से जोड़ना भी प्रस्तावित है। प्रत्येक टैंक की क्षमता 2 लाख गैलन पानी की रहेगी।
नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए बजट काफी मात्रा में है। कुछ स्टोरेज टैंकों के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। गिरी और अश्वनी पेयजल योजनाओं में कई बार पानी की कम आपूर्ति की जाती है। इसके चलते शहर में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। नगर परिषद ने शहर के वार्डों में पानी को स्टोर करने के लिए यह योजना तैयार की है। अब नप ने कार्य भी शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में सलोगड़ा में नगर परिषद द्वारा एक टैंक तैयार किया जा रहा है। इसके बाद यही मुहिम शहर के सभी वार्डों को भी जोड़ेगी। एक से तीन वार्ड के समूह को एक ही टैंक से पानी मुहैया करवाया जाएगा। इसके संचालन का जिम्मा नगर परिषद के पास ही होगा। अधिकारियों का दावा है कि इस व्यवस्था से सोलन शहर में बिना रुकावट पानी की सप्लाई मुहैया होगी।
टैंक बनाने के लिए भूमि चिह्नित
टैंक बनाने के लिए भूमि का चयन नप द्वारा किया जा चुका है। इनमें जवाहर पार्क, कथेड़, आईटीआई अैर वार्ड 11 शामिल हैं। इसके साथ ही कई निजी भूमि मालिकों और सामाजिक संस्थाओं से नप द्वारा बात की जा रही है, जो कम दामों पर परिषद को जमीन दे सकें।
मेन सप्लाई से जुडे़ंगे स्टोरेज टैंक
विभिन्न वार्डों में बनने वाले पानी के टैंकों को सीधे मेन टैंक के साथ जोड़ा जाएगा। लगभग 16 लाख गैलन पानी को स्टोर किया जा सकेगा। वर्तमान में नप द्वारा तीन टैंकों में पानी का भंडारण किया जा रहा है। इनकी कुल क्षमता 38 लाख गैलन है। वहीं इन टैंकों के बन जाने से शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी की पाइपों के जाल से भी मुक्ति मिलेगी। वहीं 15 वार्डों में विभाजित शहर की करीब 60 हजार की आबादी को इन टैंकों के बन जाने से सीधा लाभ मिलेगा।
योजना को पहनाया जा रहा अमलीजामा: नेगी
नगर परिषद के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में बनाएं जाने वाले टैंकों का कार्य सलोगड़ा से शुरू कर दिया गया है। इस कार्य के लिए नप द्वारा टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। कुछ वार्ड में जमीन के चयन का कार्य करना बाकी है। इससे सोलन में पेयजल किल्लत से निजात मिलेगी। मुख्य टैंक के अलावा वार्ड स्तर पर भी पानी को स्टोर करने की सुविधा होगी।