राज्य निर्वाचन आयोग ने दून विधानसभा के संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की लिस्ट जारी कर दी है। इस बार चुनाव आयोग ने इन बूथों को संवेदनशील और अति संवेदनशील नाम दिया है। संवेदनशील बूथ ऐसे हैं जिसमें लड़ाई झगड़ा होने की आशंका हो, वहीं अति संवेदनशील बूथ वो माने जा रहे हैं जहां पूर्व में झगड़ा हो चुका है। इन दोनों श्रेणियों में दून विस क्षेत्र के जो बूथ आते हैं, उसमें लोदीमाजरा बूथ, पट्टा, धर्मपुर, भटौलीकलां, गुरुमाजरा, मलकूमाजरा, मानपुरा, किशनपुरा-1, कडूआना-2, संडोली-2, भुड, शीतलपुर, बद्दी-2, सुराजमाजरा, बिलांवाली लुबाणा-1, बिल्लांवाली लुबाणा-3, बरोटीवाला-1, मंधाला-1 और शेरां बूथ शामिल है। निर्वाचन अधिकारी दून विधानसभा क्षेत्र नरेंद्र आहलूवालिया बद्दी ने बताया कि इन बूथों पर निष्पक्ष और निर्भीक वोटिंग हो, इसलिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर अलग-अलग कारण दिया है। इसमें पॉलिटिकल ग्रुपिज्म, 90 फीसदी से ज्यादा पोलिंग होना, पूर्व में हिंसा होना, भविष्य में हिंसा होने की आशंका होना, बार्डर एरिया से सटा होना, वन साइड पोलिंग होना, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता आदि शामिल है।