अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अब वाहनों के निरीक्षण का अभियान छेड़ा जाएगा। वाहनों के निरीक्षण की बाकायदा वीडियोग्राफी की जाएगी। वाहनों की जांच चुनाव आयोग के तय नियमों के भीतर करनी होगी। यह निर्देश व्यय पर्यवेक्षक नरेश कुमार बंसल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के कांफ्रेंस हॉल में सहायक निर्वाचन अधिकारियों और सहायक चुनाव व्यय पर्यवेक्षकों के अलावा चुनावी व्यय की मोनिटरिंग से जुड़े अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की तलाशी के समय इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि टीम मर्यादित और सभ्य तरीके से पेश आए।
उन्होंने यह भी कहा कि स्टेटिक सर्विलांस और फ्लाइंग स्क्वायड टीमों का बहुत महत्व है। उन्होंने जोर दिया कि स्टेटिक सर्विलांस टीमों की लोकेशन में बदलाव किए जाने चाहिए। व्यय पर्यवेक्षक ने निर्देश दिए कि सहायक निर्वाचन अधिकारी जब भी कोई अनुमति देते हैं तो उसकी प्रति तुरंत सहायक चुनाव व्यय पर्यवेक्षक को भी भेजी जाए। उन्होंने बताया कि किसी भी शिकायत पर कार्यवाही के दौरान निश्चित प्रक्रिया के तहत ही कदम उठाए जाएं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मद्देनजर चुनावी प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मधुसूदन और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल के अलावा जिले के सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न नोडल अधिकारी और सहायक चुनाव व्यय पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे।