4.50 करोड़ के नालागढ़-ढेरोंवाल मार्ग का काम शुरू
आठ किमी मार्ग को दुरुस्त बनाने के लिए सरकार ने दी है धनराशि
मेटलिंग-टारिंग से सड़क मार्ग बनाया जाएगा पूरी तरह से चकाचक
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक कॉरिडोर ढेरोंवाल नालागढ़ मार्ग की मेटलिंग टारिंग का 4.50 करोड़ की लागत से कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस मार्ग की समस्या को लेकर अपने पिछले दौरे के दौरान इस सड़क के लिए धनराशि मंजूर की गई थी। इस मार्ग की मेटलिंग-टारिंग से पहले विभाग ने इसका जहां पैच वर्क करवाया, वहीं सड़क की ऊंचाई को भी बढ़ाया है। अब हिमाचल-पंजाब की सीमा को जोड़ने वाले नालागढ़-ढेरोंवाल मार्ग के कार्य सहित इसे मुकम्मल करने में लोनिवि के अनुसार एक वर्ष का समय लग जाएगा। इसमें ड्रेनेज व अन्य सभी सुविधाओं को समाहित किया जाएगा। आठ किलोमीटर मार्ग यह पूरी तरह से दुरुस्त बनाया जाएगा। पड़ोसी राज्य पंजाब की सीमा ढेरोंवाल से चौंकीवाला तक के मार्ग पर उभरे गड्ढे लोगों सहित वाहन चालकों की परेशानी का सबब बने हुए थे। अब इसकी मेटलिंग-टारिंग का कार्य होने से लोगों को राहत मिलने लगी है।
हालांकि लोनिवि ने इसमें उभरे बड़े गड्ढों को भरकर इस स्थानों से सड़क को ऊंचा करके राहत पहुंचाई थी लेकिन सड़क को पूरी तरह से पक्का बनाया जा रहा है। इस सड़क की ऊंचाई को बढ़ाया गया है।
इस मार्ग की वर्ष 2015 में रि-कारपेटिंग का काम भी हुआ था, लेकिन करीब तीन साल बीत जाने के बाद फिर से यह सड़क उखड़ गई है और इस सड़क पर जगह जगह गडढे उभर आए है, जो लोगों सहित वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ा रहे थे। यह मार्ग औद्योगिक कोरिडोर भी कहलाता है और पड़ोसी राज्य पंजाब से जोड़ता है और इस मार्ग पर उद्योगों की भी स्थापना हुई है। इस सड़क मार्ग से लोग खासे परेशान है और ढेरोंवाल से नालागढ़ तक का यह मार्ग खस्ता हो गया है। इस मार्ग पर करीब आधा दर्जन पंचायतों के दर्जनों गांव आते है और इसी मार्ग पर छोटी बड़ी कई औद्योगिक इकाईयां भी स्थापित है, वहीं पड़ोसी राज्य पंजाब को जोडने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन सैंकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है और उद्योगों का कच्चा व तैयार माल भी अन्य राज्यों को इसी मार्ग से होकर जाता है। एसडीओ लोनिवि नालागढ़ मंडल के राजकुमार शर्मा ने कहा कि नालागढ़-ढेरोंवाल मार्ग की मेटलिंग-टारिंग का कार्य पैच वर्क के बाद शुरू कर दिया है। प्रदेश सरकार से जारी 4.50 करोड़ से सड़क को पूरी तरह दुरुस्त बनाया जाएगा।