सरकारी जमीन पर कुंडली, 40 कब्जे किए चिह्नित
सोलन और अर्की में लोक निर्माण विभाग की जमीन पर सबसे अधिक कब्जे
कब्जे खाली करवाने में विभाग को नहीं मिल रही कामयाबी
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिले में लोक निर्माण विभाग की जमीन पर कब्जाधारकों ने कुंडली जमा रखी है। इन कब्जों को खाली करवाने के प्रयास सिरे चढ़ते नजर नहीं आ रहे हैं। महीनों पहले विभाग ने अवैध कब्जा धारकों को नोटिस जारी किए लेकिन अभी तक कोई अमल नहीं हो पाया है। सबसे अधिक अवैध कब्जे अर्की और सोलन में लोगों ने विभाग की जमीन पर किए हैं। सोलन में लोगों ने करीब 40 जगहों पर अवैध कब्जे किए हैं। सोलन में जमीन पर लगातार हो रहे कब्जे से अब लोक निर्माण विभाग की चिंता बढ़ने लगी है। पिछले कई सालों से कई लोगों ने विभाग की जमीन को कब्जें में लिया है। कुछ महीनों पहले विभाग ने लोगों को नोटिस जारी किए हैं। सोलन में अभी तक विभाग की बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि अर्की में सड़क पर कब्जा करने वाले लोगों पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू किया है। सोलन और अर्की क्षेत्र में लोगों ने विभाग की जमीन पर सबसे ज्यादा कब्जे किए हैं। अब विभाग इन कब्जों को कब तक हटा पाता है, यह कहना अभी मुश्किल है। पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कब्जे होने के चलते सड़कें भी लगातार कम होती जा रही हैं। जिला में लोगों ने सड़क किनारे कब्जे किए हैं। सोलन में विभाग की जमीन पर करीब आठ जगहों पर अवैध कब्जे हैं। अर्की मंडल में भी लोगों ने विभाग की जमीन पर कई स्थानों पर अवैध कब्जे कर रखे हैं। अर्की मंडल के अधिशाषी अभियंता एके सोनी ने कहा कि अवैध कब्जे करने वाले लोगों पर विभाग कार्रवाई कर रहा है। लोगों से इन कब्जों को जल्द छुड़वाया जाएगा।
नोटिस जारी किए हैं : जोगटा
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एसपी जोगटा ने कहा कि सोलन और अर्की में अवैध कब्जे करने वाले लोगों के खिलाफ विभाग कार्रवाई कर रहा है। इस मामले में पहले भी लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जल्द छुड़वाए जाएंगे कब्जे