जाहू (हमीरपुर)। सुपर हाईवे जाहू-मुंडखर पर पुलिस ने मंगलवार को नाका लगाकर मोटर वाहन अधिनियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के चालान काटे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वालों का भी पुलिस ने चालान काटा। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी एसआई परमजीत सिंह के नेतृत्व में मोटर वाहन अधिनियमों की अवहेलना करने पर 28 चालान काटे हैं। जबकि, सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने पर दस लोगों के चालान काटे हैं। इस दौरान करीब 120 वाहनों के दस्तावेजों, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी की गहनता से जांच की गई। इसके अलावा पहली बार स्कूटर, स्कूटी और मोटरसाइकिल पर बिना हेल्मेट डबल राइडिंग कर रहे लोगों के चालान किए। करीब 28 वाहनों के चालान कर करीब 12 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। भोरंज थाना के प्रभारी कुलवंत सिंह का कहना है कि मोटर वाहन अधिनियमों को सख्ती से लागू किया गया है। इसके लिए जगह-जगह वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा है। जाहू पुलिस ने 28 चालान काटे हैं।