कुनिहार (सोलन)।
तहसील वेलफेयर कार्यालय अर्की में अक्सर ताले लगे होने के कारण लोगों को पेंशन संबंधी और अन्य कार्य करवाने के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है। वृद्धावस्था, दिव्यांगता पेंशन जब से डाकघरों में आने लगी व तहसील के पेंशन भोगियों को अपनी विभिन्न तरह की पेंशन लेने के लिए डाकघर से पेंशन संबंधी कोई भी सूचना न मिलने पर कई मर्तबा डाकघरों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
डाकघर में बचत खातों में पेंशन न आने के कारण दिव्यांग और बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पेंशन संबंधी जानकारी तहसील वेलफेयर कार्यालय से लेनी होती है। तहसील वेलफेयर कार्यालय मात्र एक तहसील कल्याण अधिकारी के सहारे चल रहा है। कार्यालय में चपरासी से लेकर लिपिक तक के पद खाली पड़े हुए हैं। कई बार अधिकारी को जब फील्ड में जाना होता है तो मजबूरन कार्यालय में ताले लगाने पड़ते हैं।
तहसील कल्याण अधिकारी अर्की पूजा शर्मा ने कार्यालय में स्टाफ न होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि काफी समय से तहसील वेलफेयर कार्यालय में पद रिक्त चल रहे हैं। कहा कि 22 दिसंबर तक उनकी ट्रेनिंग हिप्पा, शिमला में है। इस कारण कार्यालय बंद रहेगा। देवी राम, अनिल कुमार, प्रेम सिंह, देवराज, विनोद कुमार ने मांग की कि कार्यालय में स्टाफ की नियुक्ति की जाए।
000