चौक बाजार से अतिक्रमण हटाने गई गाड़ी खाली लौटी,
ठंडे बस्ते में नगर परिषद की कार्रवाई, दुकानदारों को मिल रही खुली छूट, दोबारा सजाया सामान
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर से अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद की मुहिम ठंडे बस्ते में जाती दिखाई दे रही है। चौक बाजार में नगर परिषद की गाड़ी अतिक्रमण हटाने के लिए तो पहुंची, लेकिन किसी के सामान को जब्त किए बिना ही वापस लौट आई। नगर परिषद कर्मचारियों ने कारोबारियों को केवल हिदायत देकर छोड़ दिया। इससे नगर परिषद की कार्रवाई सिरे चढ़ती दिखाई नहीं दे रही है। बार-बार हिदायत देकर छोड़ने से कारोबारियों के हौसले और ज्यादा बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार को भी नगर परिषद की गाड़ी बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची, लेकिन गाड़ी में किसी के भी सामान को जब्त नहीं किया गया।
शहर के चौक बाजार में बढ़ रहे अतिक्रमण से लोगों का बाजार से निकलना किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। इससे स्थानीय व आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आए दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद की गाड़ी अतिक्रमण हटाने के लिए तो जाती है, लेकिन दोबारा दुकानों के बाहर सामान को न लगाने की हिदायत देकर वापस आ जाती है।
सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि गाड़ी खाली आ रही है तो पूछताछ की जाएगी।