बस अड्डे की पार्किंग फीस और दुकानों की नीलामी कल
पहली अप्रैल 2019 से 31 मार्च, 2020 तक होगी बोली
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद के तहत बस अड्डे की पार्किंग फीस की नीलामी, फ्रूट शॉप, बेकरी स्टॉल, पान बीड़ी सिगरेट शॉप, जूस बार, चाय कैंटीन की नीलामी परिषद ने 12 मार्च को आमंत्रित की है। पार्किंग फीस सहित दुकानों की नीलामी से होने वाली आमदनी से परिषद की आय में इजाफा होगा। शर्तों में बढ़ोत्तरी और कमी करने या इसे रद्द करने का अधिकार अधो हस्ताक्षरी के पास सुरक्षित रहेगा।
नगर परिषद ने वित्त वर्ष 2019-20 के लिए बस अड्डा की पार्किंग फीस, फ्रूट शॉप, पान बीड़ी सिगरेट शॉप, जूस बार, चाय कैंटीन, बेकरी स्टॉल की बोली आमंत्रित की है, जिसके लिए बस पार्किंग फीस की सिक्योरिटी राशि 2 लाख रुपये, फ्रूट शॉप, पान बीड़ी सिगरेट शॉप, जूस बार, चाय कैंटीन की सिक्योरिटी राशि 50-50 हजार, बेकरी स्टॉल के लिए 10 हजार सिक्योरिटी राशि रखी है। नगर परिषद के रैहन बसेरा हॉल में होने वाली इस खुली नीलामी में इच्छुक व्यक्ति मौके पर ही बोली देकर लाभ उठा सकता है और सिक्योरिटी राशि को पहले ही जमा करवाना पड़ेगा। सफल बोलीदाता के अलावा अन्य बोलीदाताओं की सिक्योरिटी राशि को मौके पर ही वापिस कर दिया जाएगा। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने कहा कि परिषद की आय में बढ़ोत्तरी हो और लोग भी अपना स्वरोजगार चला सकें, इसके दृष्टिगत परिषद ने पार्किंग फीस की नीलामी, फ्रूट शॉप, बेकरी स्टॉल, पान बीड़ी सिगरेट शॉप, जूस बार, चाय कैंटीन की नीलामी 12 मार्च को रखी है। उन्होंने बोलीदाताओं से आह्वान किया कि वे बोली में बढ़चढ़ कर भाग लें और इच्छुक बोलीदाता परिषद के कार्यालय में आकर इस नीलामी के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल कर सकता है।