मंडोधार में 41 बीघा जमीन पर बनेगा नया कॉलेज भवन
मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कॉलेज के सालाना समारोह में घोषणा, धर्मपुर कॉलेज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया
बोले, व्यवसायिक शिक्षा को मिलेगा महत्व
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। डिग्री कॉलेज धर्मपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सैजल ने कहा कि युवाओं को पाठ्य पुस्तकों के साथ-साथ प्रेरक साहित्य भी पढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि धर्मपुर कॉलेज के लिए मंडोधार में 41 बीघा जमीन का चयन किया गया है। यहां शीघ्र ही कॉलेज भवन बनाया जाएगा। डॉ. सैजल ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहायता भी दी जा रही है। राज्य सरकार की मेधा प्रोत्साहन योजना के तहत राज्य में या राज्य से बाहर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रतिभाशाली छात्रों को कोचिंग दी जाएगी। मेधा प्रोत्साहन योजना पर इस वर्ष पांच करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने ऐच्छिक निधि से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को 21 हजार देने की घोषणा की। धर्मपुर कॉलेज की प्राचार्य ऊषा नेगी ने मुख्यातिथि के समक्ष कॉलेज का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सदस्य आरटीए मदन मोहन मेहता, प्रधान ग्राम पंचायत धर्मपुर ओम प्रकाश पंवर, प्रधान अभिभावक-प्राध्यापक संघ जोगेंद्र शर्मा, अध्यक्ष खलोगड़ा कृषि सेवा समिति यशपाल ठाकुर, जिला सचिव भाजपा संजय ठाकुर, उपप्रधान ग्राम पंचायत, धर्मपुर सुशील शर्मा, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा, नंद किशोर ठाकुर भी उपस्थित थे।