अमर उजाला ब्यूरो
सोलन/धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे के मुहाने पर धर्मपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में अलर्ट जारी किया गया है। यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को वायुसेना के एयर स्ट्राइक के बारे में जानकारी देकर जवानों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीआरपीएफ के कमांडेंट नवीन कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे किनारे होने की वजह से जवानों को अलर्ट पर रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि, यह कैंप काफी अंदर है और यहां किसी तरह के हमले की गुंजाइश बेहद कम है। सीआरपीएफ को हाईकमान से किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं हुआ है। स्थानीय स्तर पर हालात देखते हुए जवानों को सजग रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ खुफिया एजेंसियों से संपर्क साध रही हैं। उनसे मिल रहे इनपुट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। सोलन जिले में तीन छावनी क्षेत्र हैं जिनमें डगशाई, कसौली और सुबाथू शामिल हैं। सुबाथू गोरखा रेजिमेंट का प्रशिक्षण केंद्र भी है।
इन सभी जगह सेना ने अपने स्तर पर जवानों को सजग कर दिया है। सोलन में डोगरा रेजिमेंट का मुख्यालय भी है जहां सुरक्षा पुख्ता की गई है। इसके अलावा सोलन पुलिस ने पंजाब व हरियाणा से जुड़ी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। परवाणू में हरियाणा से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
इसके बाद ही उन्हें प्रवेश की इजाजत दी जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोगों को सजग रहने की सलाह दी जा रही है। उन्हें अपने आसपास पड़ी वस्तुओं का खास ख्याल रखने और भीड़ भरी जगह संदिग्ध वस्तु दिखते ही पुलिस को सूचना देने की बात कही गई है। जिले के भीतर खुफिया तंत्र को सजग रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने बताया कि पुलिस जवान हर समय अलर्ट पर हैं। सभी जवानों को चौकस रहने और उपमंडल स्तर पर अपडेट देते रहने की सलाह दी गई है।