सोलन में रेलवे सुरंग में घुसे लावारिस पशु, रोकनी पड़ी ट्रेन
चालक ने लगाई आपात ब्रेक, ट्रैक पर खाने की तलाश में बढ़ रही मवेशियों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शिमला से कालका जा रही ट्रेन को लावारिस पशुओं ने रोक लिया। टनल में घुसे पशु को बचाने के लिए चालक को आपात ब्रेक लगानी पड़ी। इसके बाद पशु को ट्रेन के आगे से खदेड़ा गया और उसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी। यह वाकया सोलन रेलवे स्टेशन के पास बनी सुरंग में पेश आया। शनिवार को सोलन के रेलवे स्टेशन पर शिमला से आते समय ट्रैक पर कुछ लावारिस पशु खाने की तलाश में भटक रहे थे। इनमें से एक पशु सुरंग में दाखिल हो गया। उसी समय शिमला से आ रही ट्रेन भी सुरंग के मुहाने पर पहुंच गई। चालक ने हादसे से बचने के लिए आपात ब्रेक लगा दी। इस बीच करीब तीन मिनट तक ट्रेन सुरंग के पास खड़ी रही। लावारिस पशु को सुरंग से बाहर खदेड़ा गया और फिर ट्रेन आगे बढ़ी।
लोगों के ट्रैक के किनारे कूड़ा फेंकने की वजह से अकसर रेलवे ट्रेक पर पशु खाने की तलाश में भटकते रहते हैं। सड़कों की बजाय अब ट्रैक पर इनकी संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे किसी भी समय कोई मवेशी ट्रेन की चपेट में आ सकता है।
सोलन रेलवे स्टेशन के अधीक्षक मनरिंद्र सिंह ने बताया कि मवेशी के टनल के अंदर आ जाने से ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। उन्होंने बताया कि मवेशी को टनल के अंदर से हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।