मैथल भीफर पेयजल योजना जल्द होगी जनता को समर्पित
1.56 करोड़ की योजना से दस गांवों के लोगों की बुझेगी प्यास
अंतिम स्टेज पर पहुंचा कार्य, जल्द योजना होगी समर्पित
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के पहाड़ी क्षेत्र के तहत 10 गांव के हजारों ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति के लिए तैयार की जा रही मैथल भीफर उठाऊ पेयजल योजना जल्द ही जनता को समर्पित होगी। इस योजना का कार्य अंतिम चरण पर पहुंच चुका है और विभाग इसका शेष कार्य पूर्ण करके इसे जनता को समर्पित करेगा। इससे पहाड़ी क्षेत्रों के हजारों ग्रामीणों के हलक अब सूखे नहीं रहेंगे। आईपीएच नालागढ़ ने मैथल भीफर उठाऊ पेयजल योजना को नाबार्ड से 1,56,63,000 रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद इसका कार्य एडवांस स्टेज पर चला हुआ है। योजना के तैयार होने से ग्रामीणों की चिर लंबित मांग और समस्या का स्थायी समाधान होगा। आईपीएच विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं जिसमें रुरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड के तहत नाबार्ड ने उठाऊ पेयजल योजना मैथल-भीफर बनाई है। इसके तहत 10 गांवों के करीब 2100 लोगों को राहत मिलेगी। योजना से मैथल, भीफर, कल्याणपुर, पपलोही, मंझौरी, काटल, अमली, खोबल, डोल, कल्याणपुर-2, कल्याणपुर-3 के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल समस्या का मुद्दा पंचायतों, बीडीसी, जिला परिषदों की बैठकों में बार-बार उठता रहा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग नालागढ़ उपमंडल ने योजना को अमलीजामा पहनाया है। एक्सईएन आईपीएच नालागढ़ मंडल आरके खाबला ने कहा कि मैथल भीफर उठाऊ पेयजल योजना का कार्य एडवांस स्टेज पर है। शेष कार्य पूरा कर जल्द योजना जनता को समर्पित की जाएगी।