नगर परिषद बद्दी ने लोगों को दी सफाई व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत, घर-घर से कूड़ा उठाएंगे सफाई कर्मचारी
कूड़ा कचरा कूड़ेदान में ही डालने की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
बरोटीवाला (सोलन)। नगर परिषद बद्दी क्षेत्र में अगर कूड़ा खुले में फेंका तो आपको एक हजार रुपये तक जुर्माना चुकाना होगा। नगर परिषद ने शहर को साफ सुथरा बनाने की दिशा में उठाए कदमों के तहत यह निर्णय लिया है। शहर को साफ सुथरा और स्वच्छ रखने में नप ने बाकायदा नागरिकों से सहयोग मांगा है। कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद बद्दी अजमेर सिंह ठाकुर ने बताया कि खुलेआम जगह-जगह कूड़ा कचरा फेंकने से शहर का सौंदर्य बिगड़ रहा है। शहर को साफ सुधरा रखने के लिए नप कुछ कड़े कदम उठाने जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद के कर्मचारी प्रतिदिन लोगों के घरों और दुकानों पर जाकर कूड़ा कर्कट उठाएंगे। लोगों से आह्वान किया कि दुकानों और घरों का कचरा सफाई कर्मचारी को दें अथवा निकटतम कूडे़दान में डालें। खुले में कचरा फेंकते हुए अगर कोई पकड़ा जाता है तो एक हजार रुपये तक जुर्माना नप की ओर से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और शहर को शीघ्र ही कूड़ा कचरा मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग के बगैर कोई भी मुहिम सिरे नहीं चढ़ सकती इसलिए इसमें सबका सहयोग जरूरी है।
गौरतलब है कि बीबीएन में हाल ही में कूड़े को लेकर काफी बवाल भी हुआ था। केंदूवाला प्लांट को लेकर कुछ लोगों ने जमकर विरोध किया था। इसके बाद सरकार ने अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर इसकी जांच भी करवाई थी। इसके बाद प्लांट को सही तरीके से चलाने के निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही यहां हर रोज दवाई की स्प्रे करने को कहा है।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि लोगों को खुद भी सफाई व्यवस्था के प्रति सतर्क होना होगा। सब मिलकर सफाई का ध्यान रखेंगे तो शहर साफ होगा। शहर की सुंदरता के लिए आम लोगों को भी आगे होना होगा। कूड़ा कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।