शिक्षा विभाग ने तैयारियां की पूरी, सीसीटीवी की निगरानी में होगा पेपर
चार मार्च से शुरू हो रही परीक्षा के लिए निरीक्षण टीमें गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं चार मार्च से आयोजित की जा रही है, जिसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसमें दसवीं और जमा दो के करीब 17,000 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे। जिले भर में परीक्षा के लिए निजी और सरकारी स्कूलों को मिलाकर 169 केंद्र तैयार किए गए हैं। इसमें लाइव सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र प्रभारी, फ्लाइंग टीमों का भी गठन कर दिया है। यह टीमें समय-समय पर परीक्षा केंद्रों की निगरानी और निरीक्षण भी करेंगी। जानकारी के अनुसार जमा दो और दसवीं कक्षा की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं है। इससे पहले 20 फरवरी से प्रैक्टिकल आयोजित किए गए थे। परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों को पेपर से करीब एक घंटा पहले पहुंचना होगा। इस दौरान विद्यार्थियों का सीटिंग प्लान, रोल नंबर समेत स्कूल पहचान पत्र की जांच की जाएगी। जिसके बाद विद्यार्थियों को परीक्षा हाल में बैठाया जाएगा। शिक्षा अधिकारियों की ओर से परीक्षा पर पूरी नजर रहेगी। वहीं इसमें सभी केंद्रों पर परीक्षा अधिकारी समेत सहायक को भी तैनात किया गया है। उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगे हुए है। इसकी निगरानी में यह परीक्षा होगी। विभाग की निरीक्षक टीम भी स्कूलों का औचक निरीक्षण करेगी। जिले में छह टीमों को गठित किया गया है।