सोलन। सोलन में स्वाइन फ्लू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में स्वाइन फ्लू के संभावित दो मरीजों को अस्पताल में लाया गया है। जिनके सैंपल लेकर कसौली लैब को भेज दिए गए हैं। इन मरीजों को 5 दिन तक अस्पताल में ही उपचार दिया जाएगा।
गौर रहे कि इससे पूर्व 28 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें से दो मरीजों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि अस्पताल प्रशासन के पास स्वाइन फ्लू को लेकर सभी टेमी फ्लू दवाई के साथ, सिरप, कैप्सूल उपलब्ध हैं। साथ ही सभी ब्लांकों में पहले से ही दवाइयां उपलब्ध करवा रखी हैं। स्वाइन फ्लू के लिए किए जाने वाले एलीजा टेस्ट की सुविधा केवल कसौली और आईजीएमसी शिमला में ही उपलब्ध है। सोमवार को भी स्वाइन फ्लू से संभावित दो मरीजों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इसमें से एक सोलन के बसाल व दूसरा मरीज खुंडी धार से आया है। इनका उपचार किया जा रहा है। इसी के साथ जिन क्षेत्रों में मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, वहां पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजकर परिवारजनों के साथ अन्य रिश्तेदारों में स्वाइन फ्लू के लक्षणों की जांच की जाती है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों लोगों को जागरूक भी कर रही है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एनके गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में आए दोनों मरीजों के सैंपल लेकर कसौली लैब भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल के अलावा सभी ब्लॉक में टेमी फ्लू दवाई उपलब्ध है।