महिलाओं को सभी क्षेत्रों में मिलें बराबर अधिकार : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि प्राचीन समय में महिलाओं की जहां सम्माननीय स्थिति थी, वहीं निर्णय लेने में उन्हें बराबर के अधिकार मिले हुए थे। आज भी आवश्यकता है कि महिलाओं को समाज में सभी क्षेत्रों में बराबरी के अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रदेश सरकार की ओर से सभी स्तरों पर योजनाएं बनाकर कार्य किया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों को इस दिशा में एकजुट होकर प्रयास करने होंगे, ताकि देश, प्रदेश एवं समाज का समुचित विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य मानकों, नारी शिक्षा, गर्भवती, नवजात शिशु पोषण, टीकाकरण में देश के सभी राज्यों में विशिष्ट स्थान दिलवाने में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उपायुक्त महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।
महिला दिवस पर मेधावी छात्राओं का सम्मान
महिला दिवस पर जिला के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को दसवीं की बोर्ड की परीक्षा में शीर्ष 5 स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोयला की कुमारी शिवानी, नव ज्योति वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरूणी की कुमारी सलोनी, जेएल पब्लिक स्कूल प्टा महलोग की कुमारी शांति ठाकुर, बीएल सेंट्रल स्कूल कुनिहार की कुमारी इशिका शर्मा और नेशनल पब्लिक स्कूल धुंधन की कुमारी शालिनी को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार जमा दो की परीक्षा में शीर्ष 5 स्थान हासिल करने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओच्छघाट की कुमारी गीतांजलि, शिवालिक साइंस वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरूणी की कुमारी मनप्रीत कौर, लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की की कुमारी हर्षिता शर्मा, शिवालिक साइंस वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरूणी की कुमारी सिमरन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट की कुमारी शालू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ओच्छघाट की कुमारी तान्या शर्मा, कुमारी अनुषा जोशी, सोलन की कुमारी उमा, कुरगल की कुमारी राधिका, जराई की कुमारी चारू को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार सोलन सुरभि गांधी, सलोनी गांधी, महिला मुख्य आरक्षी जयंवती को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।