जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया सरल
नौणी (सोलन)। डॉ वाईएस परमार औद्योनिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (सूचना प्रौद्योगिकी) के पद के लिए ऑनलाइन आवेदन को सरल बना दिया है। गौर रहे कि विश्वविद्यालय को कुछ आवेदकों ने बताया कि जिनके पास प्रासंगिक क्षेत्र में उच्च योग्यता है उन्हें ऑनलाइन आवेदन भरने में परेशानी हो रही है। यह समस्या डिप्लोमा कॉलम के तहत निर्धारित अनिवार्य क्षेत्र के कारण आ रही थी। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए इस अनिवार्य क्षेत्र को हटा दिया गया है, ताकि संबंधित क्षेत्र में उच्च योग्यता वाले आवेदक भी आवेदन कर सकें और आसानी से ऑनलाइन फार्म भर सकें। इस संबंध में एक नोटिस भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने पिछले महीने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 20 पदों को विज्ञापित किया था।